कुल्लू-मनाली: 25 से 26 अगस्त की रात भारी बारिश और ब्यास नदी के उफान के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बह गए हैं। बिंदु ढांक के नजदीक हाइवे का एक हिस्सा पूरी तरह से बह गया है जबकि रायसन में भी सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। यातायात को रायसन से ब्यास नदी के बाएं किनारे वाले लिंक रोड पर डायवर्ट किया जा रहा है।
मनाली-लेह हाईवे अवरुद्ध
ब्यास नदी के उफान के चलते मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग भी वशीष्ट चौक के पास बह गया है, जिससे मार्ग पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है और यातायात बाधित हुआ है।
पर्यटन और वाणिज्यिक क्षेत्र जलमग्न
रात के समय ब्यास नदी का पानी ग्रीन टैक्स बैरियर और आलू ग्राउंड तक पहुंच गया, जिससे प्रशासन को दुकानों और घरों को खाली कराना पड़ा। 15 मील के पास लोकप्रिय पर्यटन स्थल देव लोक पर भी पानी घुसा। ब्यास नदी की ओफान से कम से कम एक रेस्टोरेंट भी बह गया है।
स्थानीय प्रतिक्रिया और स्थिति
पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर मंगलवार सुबह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मंडी जिले के पांधों के पास चंडीगढ़-मनाली हाइवे तीसरे दिन भी बंद है, जिससे यात्री सुरंगों में या गाड़ियों के अंदर ही रात बिता रहे हैं। मंडी-कमांड-कतौला-बजौरा-कुल्लू लिंक रोड भी अवरुद्ध है।
लगातार हो रही बारिश और ब्यास नदी का रौद्र रूप इलाके में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।