2025 में दुनिया का सबसे ताकतवर पासपोर्ट बना सिंगापुर का, अमेरिका टॉप 10 से बाहर होने की कगार पर

कभी दुनिया का सबसे ताकतवर पासपोर्ट रखने वाला अमेरिका, अब शीर्ष 10 देशों की सूची से बाहर होने के करीब है। हेनली पासपोर्ट इंडेक्स की ताज़ा तिमाही रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका अब 10वें स्थान पर पहुंच गया है — जो इस इंडेक्स के 20 साल के इतिहास में उसका सबसे खराब प्रदर्शन है। याद दिला दें कि साल 2014 में अमेरिका पहले नंबर पर था।हालांकि अमेरिका 10वें स्थान पर है, लेकिन वास्तव में 33 देश अमेरिका से आगे हैं क्योंकि एक ही स्कोर वाले देशों को समान रैंक दी जाती है।

वहीं, 2025 के दूसरे छमाही की शुरुआत में सिंगापुर ने फिर से सबसे ताकतवर पासपोर्ट का ताज पहन लिया है। सिंगापुर के नागरिकों को 227 में से 193 देशों में वीज़ा-फ्री एंट्री मिलती है — जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। हालांकि सिंगापुर का पासपोर्ट पाना कोई आसान काम नहीं है। इसके लिए कम से कम दो साल की परमानेंट रेजिडेंसी, आर्थिक योगदान, और पुरुषों के लिए अनिवार्य नेशनल सर्विस जैसी शर्तें पूरी करनी होती हैं।

दक्षिण कोरिया ने भी शानदार छलांग लगाई है और अब जापान के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इन दोनों देशों के नागरिकों को 190 देशों में वीज़ा-मुक्त यात्रा की सुविधा है।यूरोप भी इस सूची में मजबूती से मौजूद है। जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, डेनमार्क, आयरलैंड और फिनलैंड तीसरे स्थान पर हैं, जहां पासपोर्ट धारकों को 189 देशों में वीज़ा की ज़रूरत नहीं है।

ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, लक्ज़मबर्ग, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, पुर्तगाल और स्वीडन चौथे स्थान पर हैं, जिनके पासपोर्ट से 188 देशों में बिना वीज़ा यात्रा की जा सकती है।ग्रीस, स्विट्ज़रलैंड और न्यूज़ीलैंड पांचवें स्थान पर हैं, जिनके पासपोर्ट से 187 देशों में एंट्री वीज़ा-मुक्त है।इन सबके बीच सबसे चौंकाने वाली प्रगति यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) की रही है, जो पिछले दस सालों में 42वें स्थान से 8वें पर पहुंच गया है।

चीन ने भी तेज़ी से प्रगति की है। वह 2015 में 94वें स्थान पर था और अब 60वें स्थान पर है।

भारत का स्थान इस सूची में 77वां है और भारतीय पासपोर्ट धारकों को 59 देशों में वीज़ा-मुक्त या वीज़ा ऑन अराइवल की सुविधा मिलती है।

2025 के सबसे ताकतवर पासपोर्ट्स की सूची (हेनली पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार)

1. सिंगापुर – 193 देशों में वीज़ा-फ्री/वीज़ा-ऑन-अराइवल

2. जापान, दक्षिण कोरिया – 190 देश

3. डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इटली, स्पेन – 189 देश

4. ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, लक्ज़मबर्ग, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, पुर्तगाल, स्वीडन – 188 देश

5. ग्रीस, न्यूज़ीलैंड, स्विट्ज़रलैंड – 187 देश

6. यूनाइटेड किंगडम (यूके) – 186 देश

7. ऑस्ट्रेलिया, चेक गणराज्य, हंगरी, माल्टा, पोलैंड – 185 देश

8. कनाडा, एस्टोनिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) – 184 देश

9. क्रोएशिया, लातविया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया – 183 देश

10. आइसलैंड, लिथुआनिया, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) – 182 देश।

Leave a Comment