ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पांचवें दिन, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक शानदार शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। उनकी यह पारी न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि थी, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में कई रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करने वाली साबित हुई।
इस शतक के साथ गिल टेस्ट इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी के डेब्यू टेस्ट सीरीज में चार शतक लगाए हों। इससे पहले यह कारनामा क्रिकेट के किसी भी दिग्गज कप्तान—यहां तक कि विराट कोहली, स्टीव स्मिथ या डॉन ब्रैडमैन—से भी नहीं हो पाया था।
अब तक इस सूची में सबसे अधिक तीन शतक के साथ वारविक आर्मस्ट्रॉन्ग, डॉन ब्रैडमैन, ग्रेग चैपल, विराट कोहली और स्टीवन स्मिथ शामिल थे।लेकिन गिल यहीं नहीं रुके।उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में किसी भी कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ, गिल टेस्ट इतिहास में उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने किसी एक सीरीज में चार शतक जड़े हों — यह उपलब्धि अब तक केवल डॉन ब्रैडमैन और सुनील गावस्कर के नाम थी।
एक टेस्ट सीरीज में भारत के लिए सर्वाधिक शतक:
4 – सुनील गावस्कर vs वेस्टइंडीज, 1971 (विदेश में)
4 – सुनील गावस्कर vs वेस्टइंडीज, 1978/79 (घरेलू मैदान पर)
4 – विराट कोहली vs ऑस्ट्रेलिया, 2014/15 (विदेश में)
4 – शुभमन गिल vs इंग्लैंड, 2025 (विदेश में)
एक होनहार खिलाड़ी से लेकर रिकॉर्ड तोड़ने वाले कप्तान तक — शुभमन गिल की यह यात्रा भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे रोमांचक कहानियों में से एक बनती जा रही है।